प्रेस क्लब में ‘जानो तब मानो’ का भव्य विमोचन, सामाजिक चेतना और तार्किक विचारधारा पर जोर
पूर्व आईपीएस अशोक कुमार सहित शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों ने की सहभागिता, सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
आलम की पुकार, बस्ती। प्रेस क्लब बस्ती में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को अर्जक सत्व मासिक पत्रिका ‘जानो तब मानो’ का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक क्षेत्र और अर्जक संघ से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। समारोह की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व आईपीएस अशोक कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अस्पताल बस्ती के आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. वीके वर्मा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता अर्जक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार भारती ने की। अर्जक संघ के राष्ट्रीय महामंत्री रामजी वर्मा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जबकि अर्जक संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रामनिवास वर्मा ने समापन किया। कार्यक्रम का संचालन कैलाशनाथ ने किया।
समारोह में अर्जक संघ की राष्ट्रीय समिति के सदस्य सत्यप्रकाश वर्मा, पूर्व न्यायाधीश आद्याशरण चौधरी, बीडी वर्मा, रामतिलक वर्मा, अशोक कुमार, उमेश चन्द्र वर्मा, राकेश पटेल, रामसेवक बौद्ध, सिद्धनाथ प्रजापति, गौरीशंकर, राधेश्याम, प्रमोद चौधरी, रामकुमार चौधरी, सेवाराम पटेल, इन्द्रजीत पटेल, रामकोमल, सभाजीत वर्मा, राम बहाल वर्मा, गिरीश चौधरी, राम सुभग मौर्य, प्रभाकर पटेल, मनोज वर्मा, जीडी कनौजिया और विजय प्रताप पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि अर्जक सत्व मासिक पत्रिका ‘जानो तब मानो’ के माध्यम से वैचारिक जागरूकता, सामाजिक चेतना और तार्किक विचारधारा को बढ़ावा देने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, लोगों को जागरूक बनाने और सकारात्मक विमर्श को प्रोत्साहित करने में ऐसी पत्रिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
वक्ताओं ने सामाजिक जागरूकता और तार्किक सोच को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ज्ञान, विवेक और विचारशीलता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक समिति की ओर से सभी अतिथियों, वक्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट रिजवान खान AKP News

