बस्ती में यातायात माह का शुभारंभ, डीआईजी और एसपी ने रैली को दिखाई हरी झंडी
सड़क सुरक्षा के प्रति पूरे महीने चलेगा जागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग पर दिया जाएगा जोर
बस्ती। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को जनपद बस्ती में यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप सिंह यादव, क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात कुलदीप त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, महिला थाना के अधिकारी-कर्मचारी और सम्मानित नागरिकों ने भी सहभागिता की।
पूरे महीने चलेगा जागरूकता अभियान
यातायात माह के दौरान यातायात पुलिस और जनपद के सभी थानों की पुलिस आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगी। स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी तथा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस ने की यातायात नियमों के पालन की अपील
पुलिस ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने, तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही बिना नंबर प्लेट के वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने पर जोर दिया गया।
वाहन चालकों से सड़क पर बाईं ओर चलने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की भी अपील की गई। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं के खतरे को कम किया जा सकता है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News
