दारुल उलूम इस्लामिया फैजाने आलम में हर्षोल्लास के साथ मना बाल दिवस, बच्चों ने लगाए आकर्षक स्टाल
सीनियर विद्यार्थियों ने संभाली स्टालों की कमान, जूनियर बच्चों ने की जमकर खरीदारी; सूफी एजाज आलम खान कादरी ने बच्चों को अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की दी सीख
बस्ती। दमया परसा स्थित दारुल उलूम इस्लामिया फैजाने आलम (डी आई एफ ए) में मंगलवार, 17 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने दो आकर्षक स्टाल (A और B) लगाकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि बाल दिवस प्रतिवर्ष 14 नवंबर को मनाया जाता है, लेकिन संस्थान के प्रिंसिपल सूफी एजाज आलम खान कादरी के मुंबई प्रवास पर होने के कारण इस बार कार्यक्रम का आयोजन 17 नवंबर को किया गया। सूफी साहब 15 नवंबर की शाम को वापस लौटे थे।
बाल दिवस के अवसर पर लगाए गए दोनों स्टालों पर सीनियर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई। वहीं जूनियर विद्यार्थियों ने अपने ही साथियों द्वारा लगाए गए स्टालों से अपनी पसंद के खाने-पीने के सामान की खरीदारी की और बाल मेले का भरपूर आनंद उठाया। बच्चों के बीच आपसी सहयोग, उत्साह और अपनत्व का सुंदर नजारा देखने को मिला। दोनों स्टालों के संचालन में विद्यार्थियों का योगदान सराहनीय रहा।
इस अवसर पर संस्थान के प्रिंसिपल सूफी एजाज आलम खान कादरी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे देश और समाज का उज्ज्वल भविष्य हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनना भी है। उन्होंने बच्चों को जीवन में मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और अच्छे संस्कारों को अपनाते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सूफी एजाज आलम खान कादरी ने विशेष रूप से बच्चों को अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सदैव सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता की दुआएं और गुरुजनों का मार्गदर्शन जीवन में सफलता की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो बच्चे अपने बड़ों का सम्मान करते हैं और अच्छे संस्कारों को अपनाते हैं, वे जीवन में निश्चित रूप से बेहतर मुकाम हासिल करते हैं।
कार्यक्रम में बस्ती से पहुंचे संस्थान के पूर्व शिक्षक एवं डीआईएफए रत्न मास्टर फर्रुख इस्लाम की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने बच्चों के उत्साह और आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में मास्टर कलामुद्दीन, हाफिज नूर मोहम्मद, कु. संजना, फातिमा इदरीसी, आमिना इदरीसी, मजीबुल्लाह एवं सावित्री देवी की विशेष भूमिका रही। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बच्चों के उत्साहवर्धन और आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का अवसर नहीं रहा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग, जिम्मेदारी और सामाजिक व्यवहार सीखने का भी अवसर मिला। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनके उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट
AKP News


