बस्ती में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश, 5 अभियुक्त गिरफ्तार; POS मशीन से 44.17 लाख रुपये के लेन-देन का खुलासा
आलम की पुकार, बस्ती। जनपद बस्ती में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जीवाड़े और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में आरोपियों के कब्जे से बरामद भारतपे POS मशीन के जरिए 44 लाख 17 हजार 996 रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है। इसके अलावा आरोपियों से जुड़े विभिन्न बैंक खातों की जानकारी और NCRP पोर्टल पर दर्ज सात साइबर शिकायतें भी सामने आई हैं।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत एवं क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध कुलदीप यादव के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना बस्ती की टीम ने यह कार्रवाई की।
PF फंड के नाम पर खातों का किया गया इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार, थाना लालगंज क्षेत्र के पगार खास निवासी संदीप यादव पुत्र जनार्दन यादव ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप था कि साइबर अपराधियों ने PF का फंड आने का झांसा देकर उनके बैंक खाते के साथ-साथ उनके भाई और मित्र के बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया। इन खातों में लाखों रुपये मंगवाकर निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0029/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं और IT Act की धारा 66C व 66D में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
APK फाइल के जरिए मोबाइल पर करते थे कब्जा
पुलिस जांच में साइबर ठगी का एक खतरनाक तरीका सामने आया है। आरोपी लोगों के मोबाइल पर संदिग्ध APK फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल करता था, आरोपी मोबाइल की Accessibility अनुमति चालू करवाकर डिवाइस की गतिविधियों तक पहुंच हासिल कर लेते थे।
इसके बाद RAT (Remote Access Trojan) की मदद से पीड़ित के मोबाइल को दूर बैठे नियंत्रित किया जाता था। मोबाइल पर नियंत्रण मिलने के बाद आरोपियों द्वारा UPI के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते से दूसरे खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाते थे। ठगी की रकम को ATM, POS मशीन और चेक के माध्यम से निकाला जाता था।
गिरफ्तार पांच अभियुक्तों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अतुल मिश्रा पुत्र दिनेश चंद्र मिश्रा, निवासी उजैनिया, थाना त्रिलोकपुर, जनपद सिद्धार्थनगर।
रोहित गौतम पुत्र घूरु, निवासी कथवाड़ा, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ।
सुजीत गौतम पुत्र सुखदेव गौतम, निवासी कथवाड़ा, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ।
राजा वर्मा पुत्र अयोध्या प्रसाद, निवासी अहिबरनपुर, थाना अलीगंज, जनपद लखनऊ।
सौरभ चौधरी उर्फ सौरभ वर्मा पुत्र अयोध्या प्रसाद वर्मा, निवासी सोनहटी बुजुर्ग, थाना पुरानी बस्ती, जनपद बस्ती।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
05 मोबाइल फोन
01 भारतपे POS मशीन
15 ATM कार्ड
01 क्रेडिट कार्ड
04 चेक
03 आधार कार्ड
03 पैन कार्ड
03 बैंक पासबुक
6,770 रुपये नकद
बरामद भारतपे POS मशीन के लेन-देन की जांच में कुल 44,17,996 रुपये का ट्रांजैक्शन प्रमाणित हुआ है। वहीं आरोपियों से जुड़े विभिन्न बैंक खातों की जांच जारी है। NCRP पोर्टल पर अब तक सात शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक बस्ती ने आम नागरिकों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात नंबर या स्रोत से प्राप्त APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल की Accessibility सेटिंग में बदलाव न करें।
यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आपातकालीन सेवा 112 या नजदीकी साइबर क्राइम थाने से संपर्क करें।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा, निरीक्षक भगवान सिंह सहित साइबर क्राइम थाना बस्ती के पुलिसकर्मी अंगद मौर्य, जितेंद्र यादव, इशांत कुमार, अजय वर्मा, पियूष मिश्रा और सुधांशु मिश्रा शामिल रहे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News

