बस्ती: 18 लाख रुपये के कमीशन विवाद में व्यापारी का अपहरण कर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी ओम मिश्रा गिरफ्तार

 बस्ती: 18 लाख रुपये के कमीशन विवाद में व्यापारी का अपहरण कर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आलम की पुकार, बस्ती। जमीन की खरीद-फरोख्त में कमीशन के 18 लाख रुपये के भुगतान को लेकर हुए विवाद में व्यापारी राजीव पाण्डेय का अपहरण कर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी ओम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है।



पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम मिश्रा पुत्र चंद्रमणि मिश्रा उर्फ मणि मिश्रा, निवासी रानीपुर, थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। उसकी उम्र 24 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर 2026 को दोपहर 1:10 बजे फुटहिया मोड़, थाना नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।

18 लाख रुपये के कमीशन को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, भैसहिया निवासी 50 वर्षीय राजीव पाण्डेय कंपनी बाग में कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स का कारोबार करते हैं। जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर ओम मिश्रा पर राजीव पाण्डेय के कमीशन के 18 लाख रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।



आरोप है कि 19 नवंबर को ओम मिश्रा ने राजीव पाण्डेय की दुकान पर पहुंचकर एक लाख रुपये दिए और शाम सात बजे तक शेष 17 लाख रुपये देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद शाम करीब सात बजे फोन कर उन्हें पकौड़ी चौराहे पर बुलाया।

कार में जबरन बैठाकर किया अपहरण

पुलिस के मुताबिक, राजीव पाण्डेय भरोसा करके अपनी स्कूटी से पकौड़ी चौराहे पहुंचे। वहां ओम मिश्रा ने रुपये देने के बहाने उन्हें अपनी सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्विफ्ट डिजायर कार में जबरन बैठा लिया। कार में पहले से चार अन्य लोग मौजूद थे।

आरोप है कि सभी लोग राजीव पाण्डेय को लेकर अमहट पुल होते हुए बांसी रोड की तरफ रुधौली तक गए। रास्ते में उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद मरा हुआ समझकर चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया गया। आरोपियों पर उनकी अंगूठी, चेन और रुपये छीनने का भी आरोप है।

राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद एक राहगीर ने पुलिस चौकी विशुनपुरा, थाना रुधौली को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल राजीव पाण्डेय को सीएचसी रुधौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।

चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में चार अन्य आरोपियों को भी प्रकाश में आने की बात कही है। इनमें अभिषेक उर्फ मुन्ना लाल निवासी संतकबीरनगर, रितेश यादव निवासी महाराजगंज, सुधांशु यादव और मुन्ना प्रजापति शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस कार्रवाई: इस मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा अपराध संख्या 521/2026 के तहत बीएनएस की धारा 140(2), 311 और 109 में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।

रिपोर्ट: परमानंद मिश्रा 

 AKP NEWS | जनपद बस्ती

Previous Post Next Post