राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों का धरना और कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी
12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे संविदा स्वास्थ्यकर्मी, नियमितीकरण और समान वेतन समेत कई मांगें
आलम की पुकार, बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों का अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना और कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) कार्यालय पर जारी रहा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में जिले के करीब 1100 संविदा स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और सेवा सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदेश महामंत्री डॉ. आदित्य भारती, मंडल अध्यक्ष डॉ. वी.के. वर्मा और जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित धरने में वक्ताओं ने कहा कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी इन कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। इसके बावजूद नियमितीकरण, वेतन समानता और सेवा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित हैं।
ये हैं प्रमुख मांगें
संघ की प्रमुख मांगों में संविदा कर्मचारियों के लिए स्थानांतरण नीति बहाल करना, सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर परिवार के पात्र सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने के लिए नीति बनाना तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में शामिल करना शामिल है।
इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग में होने वाली नियमित भर्तियों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने, कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, समान कार्य के लिए समान वेतन देने और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे शामिल
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर आयोजित धरने में डॉ. आनंद गौरव शुक्ला, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. प्रदीप शुक्ला, डॉ. जुनेद अहमद, डॉ. इन्द्रेश चौधरी, डॉ. राम प्रकाश, डॉ. श्रद्धा सिंह, डॉ. दीपिका सचान, डॉ. नीलम चौधरी, डॉ. सतीश चौधरी, डॉ. ए.के. दूबे, डॉ. पी.एन. चौधरी, डॉ. धर्मेन्द्र चौधरी, डॉ. सुनील सौरभ, डॉ. रवि वर्मा, डॉ. नफीस खान, डॉ. साजिया, डॉ. अनिल मिश्र, डॉ. अमित पाण्डेय, विवेक मिश्र, शशि मौली रतन पाण्डेय, राकेश पाण्डेय, राजकुमार, अनीता देवी, अनुराधा सिंह, प्रभाकर श्रीवास्तव, राघवेन्द्र त्रिपाठी, विवेक कुमार यादव, शिव भूषण श्रीवास्तव, रविन्द्र चौधरी, रीतेश कुमार सिंह, भगवान स्वरूप, कृष्ण मोहन सिंह, विजय वर्मा, मेराज अहमद, विवेकानन्द सिंह, रविन्द्र पटेल, प्रदीप यादव, विकास गौड़, जमील अहमद, उमेश श्रीवास्तव, डॉ. नीरज यादव, अवधेश मिश्र, अखिलेश चतुर्वेदी, पूजा गौड़ सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट रिजवान खान, AKP News
