एसपी ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों से किया संवाद, कानून-व्यवस्था पर चर्चा

 नवागत एसपी ओमवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर, पत्रकारों से भी किया संवाद।

बस्ती। नवागत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती के सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों की जानकारी प्राप्त करते हुए जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

एसपी ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए पुलिस-जन संवाद को बेहतर बनाने पर बल दिया।

पत्रकारों से की मुलाकात, बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के पत्रकारों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद की महत्ता पर जोर दिया गया। जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सहयोग की भावना के साथ कार्य करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

नवागत पुलिस अधीक्षक ने जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बस्ती पुलिस ने जनपद में शांति, सुरक्षा और जनसेवा के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा, AKP News 

Previous Post Next Post