बस्ती: शिक्षण संस्थानों के मार्ग पर शराबियों का आतंक, छात्राओं पर कसते हैं फब्तियां

 बस्ती: शिक्षण संस्थानों के मार्ग पर शराबियों का आतंक, छात्राओं पर कसते हैं फब्तियां

बढ़नी-गोटवा मार्ग पर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा का सवाल; नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की उठी मांग

बस्ती। जनपद के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़नी मिश्र और गोटवा ग्राम पंचायत में शिक्षण संस्थानों की ओर जाने वाले मार्ग पर कथित तौर पर शराब का सेवन कर घूमने वाले अराजक तत्वों की गतिविधियों से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। आरोप है कि मार्ग से गुजरने वाली छात्राओं पर कुछ लोग अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे उन्हें भय के माहौल में आवागमन करना पड़ता है।



बताया जाता है कि बढ़नी मिश्र और गोटवा क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थान संचालित हैं। इनमें गौतम बुद्ध मुरारी देवी बालिका इंटर कॉलेज, गौतम बुद्ध कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोटवा, गौतम बुद्ध विद्या मंदिर गोटवा, श्री श्याम लाल वर्मा पूर्व माध्यमिक विद्यालय लोहरौली तथा डॉ. वी.के. वर्मा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज शामिल हैं। यहां पैरामेडिकल सहित जीएनएम तक के पाठ्यक्रम संचालित होते हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में गुरु वशिष्ठ आश्रम भी स्थित है।

स्थानीय स्तर पर दी गई जानकारी के अनुसार, इन संस्थानों में पढ़ने वाले करीब एक हजार छात्र-छात्राओं का प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन होता है। आरोप है कि शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद जब छात्र-छात्राएं अपने घरों की ओर लौटते हैं, तब मार्ग पर कुछ अराजक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। शराब का सेवन कर घूमने और छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां किए जाने की शिकायतों से विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग

क्षेत्र में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मार्ग पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराए जाने की आवश्यकता जताई गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि संवेदनशील समय पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है और विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिल सकता है।

अब आवश्यकता है कि संबंधित पुलिस प्रशासन शिकायतों का संज्ञान लेकर मामले की जांच करे तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करे, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी भय के अपने शैक्षणिक संस्थानों तक आ-जा सकें।

रिपोर्ट रिजवान खान, AKP News 

Previous Post Next Post