पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम चौकीदारों का सम्मान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ऑनलाइन संबोधन
बस्ती, 13 अक्टूबर। बरेली में आयोजित ग्राम सुरक्षा में योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के ग्राम चौकीदारों (ग्राम प्रहरियों) को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। इस कार्यक्रम का पुलिस लाइन बस्ती में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनपद के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम चौकीदारों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त बस्ती मंडल, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक बस्ती, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनपद बस्ती के विभिन्न थानों से लगभग 325 से अधिक ग्राम चौकीदार कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, पुलिस एवं जनता के बीच समन्वय स्थापित करने तथा ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में ग्राम प्रहरियों के योगदान को सम्मानित करना था। इस अवसर पर पुलिस लाइन बस्ती में उपस्थित ग्राम चौकीदारों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक बस्ती ने ग्राम चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम चौकीदार पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने सभी ग्राम चौकीदारों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर ग्राम चौकीदारों में हर्ष का माहौल रहा। उन्होंने ग्राम प्रहरियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा
AKP News | आलम की पुकार
जब भी देखें, सच देखें।
