सैकड़ों बाइक के साथ बस्ती पहुंचे संजय जायसवाल, सेवा ज्योति यात्रा में दिखा शक्ति प्रदर्शन

 सेवा ज्योति यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, बाइक यात्रा के साथ पहुंचे पूर्व विधायक संजय जायसवाल

बोले संजय जायसवाल—मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के साथ विकसित भारत की ओर बढ़ रहा देश



आलम की पुकार, बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बुधवार को शास्त्री चौक पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और प्रभारी डॉ. सतेन्द्र सिन्हा की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विधानसभा रुधौली के पूर्व विधायक एवं वर्तमान प्रत्याशी संजय प्रताप जायसवाल सैकड़ों बाइक सवार कार्यकर्ताओं के साथ बाइक यात्रा करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।



इस अवसर पर संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय से देश एवं जनता की सेवा की है। उनके नेतृत्व और कार्यशैली के प्रति करोड़ों भारतीयों का अटूट विश्वास जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में लगातार मजबूत हो रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसेवा को प्राथमिकता देना भाजपा का प्रमुख उद्देश्य है।

चार हिस्सों में निकली विशाल पदयात्रा

संजय प्रताप जायसवाल ने बताया कि सेवा ज्योति प्रज्वलित होने के बाद बस्ती शहर को चार हिस्सों में विभाजित कर विशाल पदयात्राएं निकाली गईं। पहली पदयात्रा गांधी नगर मार्ग की ओर, दूसरी अमहट की ओर, तीसरी कलेक्ट्रेट से रौता चौराहा की दिशा में तथा चौथी पदयात्रा पुराने डाकखाने की ओर निकाली गई।

उन्होंने बताया कि इन पदयात्राओं के माध्यम से शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक सेवा, जनजागरण और आमजन से संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों के प्रति जागरूक किया।

रिपोर्ट रिजवान खान AKP News 

Previous Post Next Post