बस्ती में जनरेटर चोरी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, गोंडा और बहराइच के रहने वाले हैं अभियुक्त

 बस्ती। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने जनरेटर चोरी के मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया एक भारत मार्का जनरेटर और घटना में इस्तेमाल की गई एक पिकअप गाड़ी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती शशांक शेखर राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर 2026 को सबदेइया कट के पास से पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंसार ऐनुल पुत्र निजाम, मो. आमिन पुत्र कलीमुद्दीन, साबिर पुत्र शेर अली, सुभान पुत्र शेर अली (सभी निवासी ग्राम जमदरा, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा) तथा सलमान पुत्र इश्तियाक निवासी ग्राम हसनामुलाई, थाना कैसरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।



भक्ति आयोजन स्थल से चुराया था जनरेटर

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को जनरेटर चोरी के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 236/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 11 नवंबर 2026 की भोर में हाईवे पर परसा चौराहे से पहले आयोजित एक भक्ति कार्यक्रम स्थल से जनरेटर चोरी किया था। इसके बाद वे गोंडा जाने लगे, लेकिन रास्ते में पुलिस गश्त और चौराहे पर डायवर्जन देखकर जनरेटर को हाईवे किनारे एक खाली स्थान पर छिपा दिया था।

अभियुक्तों ने कथित तौर पर बताया कि वे आसपास के शहरों में रेकी कर सड़कों के किनारे रखे जनरेटर, मोटर और टायर जैसी चीजें चोरी करते थे तथा उन्हें बाहरी कबाड़ियों को बेचकर मिलने वाले पैसों से अपना जीवनयापन करते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद जनरेटर को बेचने के लिए अभियुक्त गोंडा ले जा रहे थे।

पिकअप वाहन भी किया गया सीज

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक भारत मार्का जनरेटर और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP 43 CT 2908 बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, पिकअप वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी पांचों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय, उपनिरीक्षक बृज मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल विनय कुमार यादव, हेड कांस्टेबल उदय प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल विशाल सिंह, कांस्टेबल साहनी कुमार सहित चीता 07 और 08 के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News 

Previous Post Next Post