कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, टाण्डा पुल पर गोताखोर और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
बस्ती। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार, 23 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने माझा खुर्द टाण्डा पुल के दोनों तरफ तथा ग्राम सभा वैष्णोपुर में आयोजित होने वाले मेले के स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
23 नवंबर की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टाण्डा पुल के समीप बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान और पूजा-पाठ करने की संभावना है। वहीं वैष्णोपुर में स्थानीय मेले और रावण दहन कार्यक्रम में भी भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
टाण्डा पुल पर गोताखोर, नाव और स्टीमर रहेंगे तैनात
जिलाधिकारी ने टाण्डा पुल के दोनों तरफ गोताखोर, स्टीमर और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खोया-पाया कैंप और मेडिकल कैंप स्थापित करने को कहा, ताकि स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। घाट एवं मेला स्थल पर साफ-सफाई और वाहनों की पार्किंग के लिए भी उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड रहेगी मुस्तैद
डीएम ने निर्देश दिया कि टाण्डा पुल और कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रहे, जिससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, अग्निशमन यंत्र और अन्य अग्नि सुरक्षा संबंधी इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पर्व और मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सुनंदु सुधाकरन, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बहादुरपुर राम विशाल, मेला अध्यक्ष सुभाष चन्द्र यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: परमानंद मिश्रा, आलम की पुकार | बस्ती
