बस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के निर्देश

 बस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के निर्देश

बस्ती, 05 नवंबर 2026। आगामी धनतेरस, दीपावली, भाई दूज, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक हैं। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाने की परंपरा को कायम रखें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साफ-सफाई हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को दुरुस्त कराने तथा स्थानीय स्तर पर होने वाले बिजली फॉल्ट को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगरपालिका के अधिकारियों को विसर्जन मार्गों का सुदृढ़ीकरण एवं समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विसर्जन घाटों पर समय से गोताखोरों और नावों की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।

उन्होंने निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखा जाए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे सुरक्षित स्थानों पर की जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। आरती एवं पूजन के दौरान आग लगने जैसी घटनाओं से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और आवश्यक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखे जाएं।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी/पीएचसी) पर पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए।



जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका मोबाइल नंबर 05542-247128 है। किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर नागरिक इस नंबर पर सूचना दे सकते हैं, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों से निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने की अपील की, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन को तत्काल दें सूचना : एसपी

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध या विवादित सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं।

उन्होंने संभ्रांत नागरिकों से कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न होने देना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें, जिससे समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।

उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान व्यवस्थित तरीके से मूर्तियां ले जाने की अपील की। साथ ही बताया कि जनपद अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम प्रस्तावित होने के दृष्टिगत बस्ती जनपद में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। उन्होंने आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन का पालन करने की अपील की।

पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद में जीआईसी, आईटीआई और पाण्डेय स्कूल परिसर में पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त कुछ दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्धारित की गई हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखा दुकानदार अनुमति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही निर्धारित मानकों के अनुरूप दुकानें संचालित करें। दुकानों पर पर्याप्त पानी, बालू और अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने चाहिए। आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों की दुकानें नहीं लगाई जाएंगी।

बैठक में ये अधिकारी एवं गणमान्य लोग रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मानसी दहिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीआईओएस संजय सिंह, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अहमद फरीद खान, हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, राजेश कुमार, प्रद्युम्न कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता तथा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक मद्धेशिया उपस्थित रहे।

इसके अलावा विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र, सदर के मो. सलीम, कप्तानगंज के गुलाब चन्द्र सोनकर, महादेवा के फूल चन्द्र श्रीवास्तव, पत्रकार जयंत मिश्रा, जीशान हैदर रिजवी, इमरान अली, राघवेंद्र मिश्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा जिला शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News 

Previous Post Next Post