बच्चों में तेजी से बढ़ रही मानसिक समस्याएं, पेट दर्द और सिरदर्द के पीछे हो सकते हैं मनोरोग के लक्षण : डॉ. ए.के. दुबे
मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर का बढ़ता इस्तेमाल बच्चों के मानसिक विकास पर डाल रहा असर, अभिभावकों को बच्चों के साथ समय बिताने की सलाह
बस्ती। आज के डिजिटल दौर में बच्चों का अधिकतर समय मोबाइल, टीवी, कंप्यूटर और वीडियो गेम में बीत रहा है। वहीं, माता-पिता की व्यस्त दिनचर्या के चलते बच्चों को पर्याप्त समय और भावनात्मक सहयोग नहीं मिल पा रहा है। इसका असर बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल बस्ती के मनोचिकित्सालय में तैनात मनोचिकित्सक डॉ. ए.के. दुबे ने बच्चों में बढ़ती मानसिक समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
डॉ. दुबे ने बताया कि बच्चों में अक्सर पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत देखने को मिलती है। कई मामलों में ये समस्याएं मानसिक तनाव और मनोवैज्ञानिक कारणों से भी जुड़ी हो सकती हैं। इसके पीछे माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों की अत्यधिक व्यस्तता और बच्चों पर पर्याप्त ध्यान न देना प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जब बच्चों को परिवार से पर्याप्त समय, स्नेह और मार्गदर्शन नहीं मिलता तो वे अपना अधिकतर समय मोबाइल, कंप्यूटर, टीवी और गेम खेलने में बिताने लगते हैं। कई बच्चे नियमित रूप से स्कूल भी नहीं जाते। इससे उनके स्वाभाविक विकास, सीखने की क्षमता और भावनात्मक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
डॉ. दुबे के अनुसार, बच्चों को जीवन की महत्वपूर्ण बातें माता-पिता और परिवार के अनुभवों से सीखनी चाहिए, लेकिन वर्तमान समय में कई बच्चे मोबाइल के माध्यम से चीजें सीख रहे हैं, जहां सही जानकारी के साथ गलत और अनुपयुक्त सामग्री तक भी उनकी पहुंच हो सकती है। इससे बच्चों के भावनात्मक विकास पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि बच्चों में चिड़चिड़ापन, छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, पढ़ाई में मन न लगना, एकाग्रता की कमी, स्कूल जाने के समय सिरदर्द और पेट दर्द जैसी शिकायतें देखने को मिल सकती हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
फास्ट फूड से दूरी और बच्चों को समय देना जरूरी
डॉ. दुबे ने अभिभावकों को सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को फास्ट फूड से दूर रखना चाहिए और उनके खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। माता-पिता को बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताना चाहिए तथा उनकी समस्याओं, भावनाओं और दिनचर्या को समझने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए घर और बाहर खेले जाने वाले खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बच्चों को मोबाइल और टीवी तक सीमित रखने के बजाय खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और पारिवारिक संवाद के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
डॉ. दुबे ने कहा कि 3 से 15 वर्ष की आयु बच्चों के सीखने और विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के पालन-पोषण, संस्कार, शिक्षा और भावनात्मक विकास पर विशेष मेहनत करने की जरूरत है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को केवल अच्छी शिक्षा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें समय, प्यार, सुरक्षा और सही मार्गदर्शन देना भी उतना ही जरूरी है, ताकि भविष्य में उनमें मानसिक समस्याएं विकसित होने की आशंका को कम किया जा सके।
