महदेव में लाखों की लागत से बना कूड़ा निस्तारण केंद्र बदहाल, गंदगी के बीच दम तोड़ रहा स्वच्छता अभियान

 ग्राम पंचायत महदेव में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र बदहाल, कूड़े के ढेर से उठ रहे सवाल

आलम की पुकार, बस्ती - क्षेत्र पंचायत बस्ती सदर के अंतर्गत ग्राम पंचायत महदेव में स्थापित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र अपनी बदहाली पर आँसू बहा रहा है। इस केंद्र का निर्माण कूड़े के उचित निस्तारण के लिए किया गया था, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति देखकर इसके उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



एक तालाब के किनारे स्थित यह केंद्र जब से बना है, तब से शायद ही कभी उपयोग में लाया गया हो। केंद्र की दीवारों पर प्लास्टिक, गीला कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री बिखरी पड़ी है। गेट पर लगे ताले और परिसर की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहाँ नियमित रूप से कूड़े का निस्तारण नहीं किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की होती है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब केंद्र का निर्माण कूड़े के उचित निस्तारण के लिए किया गया था, तो फिर इसका नियमित संचालन क्यों नहीं हो रहा है?



केंद्र के पीछे एक गड्ढा भी दिखाई देता है, जो काफी समय से बना हुआ प्रतीत होता है। केंद्र के आसपास झाड़ियाँ उग आई हैं और गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

आखिर इस दुर्दशा के लिए जिम्मेदार कौन है? क्या संबंधित अधिकारी इस समस्या पर ध्यान देंगे और केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करेंगे?

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News 

Previous Post Next Post