बस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टावरों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, आठ लिथियम बैटरी बरामद
पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई; चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल भी बरामद
गोंडा के दो थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से 14 बैटरियां चोरी करने की बात कबूली, तीन अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
बस्ती। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल टावरों से लिथियम बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ लिथियम बैटरियां, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 नवंबर की भोर में चैनपुरवा ओवरब्रिज की सर्विस लेन पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। उनकी पहचान गोंडा जनपद के उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के दुनियापुरवा चंगेरी मौजा निवासी लवकुश सिंह (32) और बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के मधवापुर निवासी सुनील कुमार यादव (33) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल पर रखी लिथियम बैटरी के संबंध में चोरी की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चैनपुरवा ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य बैटरियां भी बरामद की गईं। इस तरह कुल आठ लिथियम बैटरियां पुलिस के हाथ लगीं।
गोंडा में दो मोबाइल टावरों को बनाया था निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों उत्कर्ष सिंह, अमित सिंह और सावन सिंह के साथ मिलकर 11/12 अक्टूबर की रात गोंडा के उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित वोडाफोन-एयरटेल-इंडस टावर से आठ लिथियम बैटरियां चोरी की थीं। इसके अलावा 29/30 सितंबर की रात परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मलाव स्थित इंडस टावर के शेल्टर से छह बैटरियां चोरी करने की बात भी बताई।
आरोपियों के मुताबिक, चोरी की गई बैटरियों में से आठ उनके हिस्से में आई थीं, जिन्हें वे गोंडा से निजी साधन द्वारा लेकर आए थे। इनमें से एक बैटरी बेचने के लिए बाजार में ले जा रहे थे, जबकि सात बैटरियां चैनपुरवा ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में छिपा रखी थीं। पुलिस अब उनके तीन अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 के तहत धारा 2(30), 317(2) बीएनएस एवं 207 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का गोंडा जनपद के उमरीबेगमगंज थाने में भी चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
संयुक्त पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में पुरानी बस्ती के प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय, एसओजी प्रभारी विकास यादव, एंटी थेफ्ट प्रभारी भानू सिंह सहित पुरानी बस्ती थाना पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम के जवान शामिल रहे।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News
