बस्ती में वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक बरामद; नेपाल में बेचता था चोरी के वाहन
कोतवाली पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोरखपुर निवासी युवक गिरफ्तार, चोरी के दो मामलों में दर्ज था मुकदमा
बस्ती। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने अमहट सर्विस रोड के पास से एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुदीप कुमार यादव (24) पुत्र विन्ध्याचल यादव निवासी तुर्कवलिया, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर की रात कोतवाली पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। जांच में उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने दो अन्य मोटरसाइकिलें झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से लाल और काले रंग की दो बजाज पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह पुलिस ने कुल तीन बाइक अपने कब्जे में लीं।
वाहनों की जांच ई-चालान एप के माध्यम से चेसिस नंबर के आधार पर की गई। जांच में एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस तथा दो अन्य बजाज पल्सर बाइक होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शहर और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी कर नेपाल ले जाकर बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 486/26 और 461/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के चिलुआताल और पीपीगंज थानों में पहले भी चोरी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बस्ती के कोतवाली थाने में भी उसके खिलाफ वाहन चोरी के दो मुकदमे पंजीकृत हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह, एसओजी प्रभारी विकास यादव, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी भानु प्रताप सिंह, सिविल लाइन चौकी प्रभारी रतीश चंचल, बड़ेबन चौकी प्रभारी जितेन्द्र सिंह सहित कोतवाली पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम के जवान शामिल रहे।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News
