भाजपा परसरामपुर मंडल की मासिक बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर मंथन

 भाजपा परसरामपुर मंडल की मासिक बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर मंथन

बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर दिया जोर : अमृत कुमार वर्मा

परसरामपुर (बस्ती)। भारतीय जनता पार्टी परसरामपुर मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक गुरुवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अमित चतुर्वेदी ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ करना होगा। संगठनात्मक गतिविधियों को केवल बैठकों तक सीमित न रखते हुए उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है।



उन्होंने आगामी 18 नवंबर को बस्ती में आयोजित होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ' पदयात्रा में मंडल के अधिक से अधिक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। इनमें बूथों पर नियमित प्रवास के लिए 25 सक्रिय कार्यकर्ताओं का चयन, महिला प्रवासी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी निर्धारित करना, मतदाता सूची का वितरण, तीन कार्यकाल पूर्ण कर चुके पदाधिकारियों की सूची तैयार करना तथा नवसृजित बूथों पर बूथ समितियों का गठन शामिल रहा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक बूथ समिति से पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं का चयन कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

श्री वर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना से कार्य करना चाहिए। निर्धारित समय-सीमा में सभी संगठनात्मक कार्य पूरे करने के साथ उनकी नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अनंत कृष्ण पाण्डेय, विनय शंकर मिश्र, बृजेश मिश्र, संदीप सिंह, बब्लू पाण्डेय, गुलशन राजभर, घनश्याम शुक्ल, तारक नाथ तिवारी, जय प्रकाश चौहान, महेश कमलापुरी सहित मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


रिपोर्ट रिजवान खान AKP News 

Previous Post Next Post