90 दिनों में तैयार हुआ गायघाट का भव्य छठ घाट, पहली बार उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 90 दिनों में तैयार हुआ गायघाट का भव्य छठ घाट, पहली बार उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

चेयरमैन प्रतिनिधि पिंटू बाबा ने टीम शिक्षा शक्ति के साथ संभाली व्यवस्था, व्रतियों की सुविधाओं से लेकर सुरक्षा तक किए गए पुख्ता इंतजाम

गायघाट (बस्ती)। नगर पंचायत गायघाट में इस बार छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच भव्यता के साथ मनाया गया। चेयरमैन प्रतिनिधि बालकृष्ण त्रिपाठी ‘पिंटू बाबा’ की विशेष पहल पर महज 90 दिनों में नवनिर्मित भव्य छठ घाट तैयार कराया गया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पहली बार इस घाट पर छठ पूजा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नए घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब आयोजन की भव्यता और लोगों की आस्था का गवाह बना।



छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए व्रतियों के नाम पहले से ही अंकित कराए गए थे। इसके अतिरिक्त बैठने, जलपान, महिला एवं पुरुष शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आयोजकों की ओर से पूरी सतर्कता बरती गई। घाट परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही, जबकि लगभग 50 लोगों की टीम लगातार निगरानी करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटी रही।

इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि बालकृष्ण त्रिपाठी ‘पिंटू बाबा’ ने टीम शिक्षा शक्ति के सदस्यों के साथ स्वयं मोर्चा संभाला। उन्होंने घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

मीडिया से बातचीत करते हुए पिंटू बाबा ने बताया कि नवनिर्मित छठ घाट के उद्घाटन समारोह का भी आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सभी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सम्मान उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने छठी मइया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने तथा गायघाट सहित पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

महज 90 दिनों में तैयार हुए इस भव्य छठ घाट पर पहली बार आयोजित पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बेहतर सुविधाओं, व्यवस्थित आयोजन और सुरक्षा इंतजामों के बीच छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

रिपोर्ट रिजवान खान AKP News 

Previous Post Next Post