PET 2026: बस्ती में परीक्षा केंद्रों का DIG और SP ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों से लेकर रेलवे स्टेशन तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप सिंह यादव सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
अधिकारियों ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों, रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और कंट्रोल रूम के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
अभ्यर्थियों से संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर रुके और बसों से यात्रा कर रहे अभ्यर्थियों से बातचीत की। उनसे परीक्षा से संबंधित समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर वे तत्काल पुलिस से सहायता ले सकते हैं। साथ ही, परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों और कर्मचारियों को UPSSSC द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रेस नोट के अनुसार, अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, घड़ी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और अनुमन्य लेखन सामग्री के साथ परीक्षा में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होगी परीक्षा
बस्ती जनपद में UPSSSC PET 2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News