गणेश प्रतिमा विसर्जन में तेज DJ बजाना पड़ा भारी, बस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 गणेश प्रतिमा विसर्जन में तेज DJ बजाना पड़ा भारी, बस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई

02 डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा, 14 डीजे संचालकों के उपकरण सीज; कई अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई

बस्ती। गणेश पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों पर पीस कमेटी एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए थे।



पुलिस के अनुसार, स्पष्ट निर्देशों के बावजूद गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुछ डीजे संचालकों ने निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसीबल) का उल्लंघन करते हुए तेज आवाज में डीजे बजाया। पुलिस द्वारा बार-बार मना किए जाने के बावजूद निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसके बाद संबंधित डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस की कार्रवाई के तहत थाना कोतवाली क्षेत्र में 02 डीजे संचालकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर उनके डीजे उपकरण सीज किए गए। वहीं थाना हरैया पुलिस ने 09 डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 05 डीजे संचालकों के उपकरण सीज किए। इनमें से संबंधित 04 डीजे संचालकों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा गया, जबकि एक संचालक के विरुद्ध धारा 126, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अलावा थाना नगर क्षेत्र में 10 डीजे संचालकों और 10-15 अन्य अज्ञात डीजे संचालकों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। थाना छावनी क्षेत्र में 04 डीजे संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि थाना पुरानी बस्ती में नामजद 01 डीजे संचालक तथा 10-15 अन्य अज्ञात डीजे संचालकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित डीजे उपकरणों को सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बस्ती पुलिस की कड़ी चेतावनी

बस्ती पुलिस ने आमजन और सभी डीजे संचालकों से अपील की है कि आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ध्वनि प्रदूषण के संबंध में निर्धारित गाइडलाइन और ध्वनि मानकों का हर स्थिति में पालन करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और उनके डीजे उपकरणों को भी सीज किया जा सकता है।

पुलिस का संदेश साफ है—आस्था के पर्व मनाएं, लेकिन कानून और ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा 

AKP News 

Previous Post Next Post