फेसबुक पर पत्रकारों के खिलाफ कथित अभद्र भाषा से आक्रोश, एसपी को सौंपा ज्ञापन
FIR दर्ज करने, निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग
आलम की पुकार, बस्ती। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पत्रकारों एवं मीडिया जगत के विरुद्ध कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का मामला सामने आया है। इसे लेकर राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेता अनिल त्रिपाठी के विरुद्ध मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने की मांग की गई।।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। जनहित के मुद्दों को उठाना, शासन-प्रशासन से सवाल करना और आमजन की समस्याओं को सामने लाना पत्रकारिता का प्रमुख दायित्व है। ऐसे में सार्वजनिक मंच पर पत्रकारों एवं मीडिया के विरुद्ध कथित अमर्यादित भाषा का प्रयोग गंभीर विषय है।
राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ ने पुलिस अधीक्षक से संबंधित फेसबुक पोस्ट और टिप्पणियों की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की। साथ ही पोस्ट, कमेंट, स्क्रीनशॉट, लिंक, वीडियो, ऑडियो सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की अपील की, ताकि मामले के वास्तविक तथ्यों की पुष्टि हो सके और साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की आशंका न रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि जांच के दौरान यदि प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध सामने आता है तो प्रचलित कानून के तहत उपयुक्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पत्रकारों को किसी भी प्रकार की धमकी, दबाव अथवा प्रताड़ना से बचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं विधिक संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह ने मामले की जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से कराने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों को पुलिस की कार्रवाई से भी अवगत कराया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित राजनीतिक दल के शीर्ष नेतृत्व से भी अपेक्षा जताई कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर जांच कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों के सम्मान की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ब्यूरो रिपोर्ट
AKP News

