बस्ती में वेब मीडिया एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी ने ली शपथ, राजकुमार गौतम बने जिलाध्यक्ष

 वेब मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया की जिला कार्यकारिणी ने ली शपथ

राजकुमार गौतम बने जिलाध्यक्ष, जनसरोकारों की पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर, वेब मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया की बैठक में बनी रणनीति।

आलम की पुकार, बस्ती। वेब मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया (रजि.) की बैठक रविवार को बस्ती के आवास विकास स्थित एक स्कूल में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्रनाथ तिवारी ने जिला कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। संयोजक अशोक श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पत्रकारिता की मौजूदा चुनौतियों, पत्रकारों की सुरक्षा और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सभी ने निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




राजकुमार गौतम को मिली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

बैठक के दौरान राजकुमार गौतम को जिलाध्यक्ष, तौफीक खान एवं अब्दुल कलाम को उपाध्यक्ष, नीरज राज को महामंत्री, दीपक सोनी को संगठन मंत्री, विकास अग्रहरि को मीडिया प्रभारी, विजय कुमार मिश्रा को संप्रेक्षक तथा वसीम अकरम को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई।



पत्रकार सुरक्षा और सुविधाओं पर हुई चर्चा

वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्रनाथ तिवारी ने कहा कि आज पत्रकारों को अपने पेशे में प्रतिदिन विभिन्न चुनौतियों और जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्हें एक सामान्य नागरिक के समान ही सुविधाएं प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारों को सुरक्षा मिले और वे पारिवारिक समस्याओं की चिंता से मुक्त होकर काम कर सकें, तो वे पेशेगत आदर्शों को कायम रखते हुए जनसरोकारों की पत्रकारिता को और मजबूती से आगे बढ़ा सकेंगे।

उन्होंने पत्रकारिता में कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

एकजुटता से ही सुरक्षित रहेगा पत्रकारों का सम्मान

वेब मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया (डब्लूएमए) के संस्थापक सदस्य राजकुमार पाण्डेय एवं राजन चौधरी ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता से ही उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा संभव है। संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर जनपदों में भी वेब मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया का गठन किया जाएगा, जिससे संगठन का विस्तार होगा और अधिक पत्रकार इससे जुड़ सकेंगे।

ये पत्रकार रहे मौजूद

बैठक में संतोष श्रीवास्तव, दिनेश कुमार पाण्डेय, ज्ञानप्रकाश दूबे, रत्नेश श्रीवास्तव, राज श्रीवास्तव, दिनेश सोनकर, अभय कुमार, फहीम अहमद, रत्नेन्द्र पाण्डेय, अरशद मसूद, जफरूल हसन, नृपेन्द्र सिंह, रामबृज प्रजापति, प्रमोद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

रिपोर्ट रिजवान खान AKP News 

Previous Post Next Post