बस्ती: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

 बस्ती: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

आलम की पुकार, बस्ती। जनपद बस्ती में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इन कैंपों में पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।



उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद की सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—307 हर्रैया, 308 कप्तानगंज, 309 रुधौली, 310 बस्ती सदर और 311 महादेवा (अ.जा.) में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत ये कैंप लगाए जाएंगे।

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ

विशेष कैंप के दौरान जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। यहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, फार्म भरने और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

फार्म-6 के साथ देने होंगे जरूरी दस्तावेज

उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध रहेंगे। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज, अद्यतन फोटो तथा जन्मतिथि और निवास से संबंधित विवरण प्रस्तुत करने होंगे। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी प्रति भी सहायक दस्तावेज के रूप में दी जा सकती है।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

नागरिक संबंधित पदाभिहित स्थल, तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवश्यक फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

मतदाता निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा आधिकारिक वेबसाइट मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 जमा कर सकते हैं।

पात्र नागरिकों से की गई अपील

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से विशेष कैंपों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा 

AKP News | जब भी देखें, सच देखें।

Previous Post Next Post