11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ, मुख्य यजमान होंगे मनीष मिश्रा

 11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ, मुख्य यजमान होंगे मनीष मिश्रा

बस्ती। बस्ती की सुख-समृद्धि, विकास, शांति और जनकल्याण की कामना को लेकर रविवार को 11 हजार महिलाओं की सहभागिता के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही बस्ती में शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हो गया। महायज्ञ के मुख्य यजमान पहल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष मनीष मिश्रा होंगे। दिल्ली से आए मुख्य पुरोहित आचार्य अजय पांडे के नेतृत्व में विद्वान पुरोहितों का दल वैदिक विधि-विधान से महायज्ञ संपन्न कराएगा।



अमहट शिव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा

बस्ती की जीवनदायिनी और मां के रूप में पूजनीय कुआनो नदी के तट पर स्थित अमहट शिव मंदिर में सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ जुटने लगी। वैदिक मंत्रोच्चार और माता के जयकारों के बीच मनीष मिश्रा की उपस्थिति में कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ।

कलश यात्रा अमहट शिव मंदिर से शुरू होकर झंडा तिराहा, शास्त्री चौक, कंपनी बाग, गांधीनगर, जीआईसी, रोडवेज, मालवीय रोड और ब्राह्मण महासभा होते हुए सीएमएस स्कूल के समीप स्थित सेवा हॉस्पिटल वाली गली से गुजरी। इसके बाद यात्रा जीडी मिश्रा के आवास पर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।

जनकल्याण का संकल्प है शतचंडी महायज्ञ : मनीष मिश्रा

इस अवसर पर मुख्य यजमान मनीष मिश्रा ने कहा, "यह शतचंडी महायज्ञ किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संपूर्ण बस्ती के कल्याण का संकल्प है। हम मां भगवती से बस्ती की समृद्धि, विकास, सुख-शांति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगेंगे।"

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का नेतृत्व वह स्वयं नहीं, बल्कि बस्ती की नारी शक्ति कर रही है। पहल वेलफेयर सोसाइटी की 'राम जी का झोला', 'राम जी का पेड़ा' सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी माताएं-बहनें इस आयोजन की वास्तविक सूत्रधार हैं।

मनीष मिश्रा ने कहा कि मातृशक्ति की अगुवाई में आयोजित यह महायज्ञ बस्ती के आध्यात्मिक गौरव, सामाजिक एकता और जनकल्याण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।

भक्तिमय माहौल में उमड़ा जनसैलाब

कलश यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, माता के जयकारों और महिलाओं की भारी सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। शतचंडी महायज्ञ के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रिपोर्ट रिजवान खान AKP News 

Previous Post Next Post