नवरात्रि व दुर्गा पूजा को लेकर बस्ती पुलिस अलर्ट, SP ने पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
आलम की पुकार, बस्ती, 12 अक्टूबर 2026। नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बस्ती ने अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर और भारी पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कोतवाली एवं थाना पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत विभिन्न पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पूजा समितियों से संवाद, सुरक्षा के दिए निर्देश
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और पूजा समितियों के आयोजकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही, उन्हें त्योहार के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया गया। पूजा समिति के आयोजकों से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई।
डीजे की ध्वनि सीमा और यातायात व्यवस्था पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों को निर्देशित किया कि डीजे का संचालन माननीय न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों एवं ध्वनि सीमा के अनुरूप ही किया जाए। इसके अलावा, त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आमजन को आवागमन में परेशानी न होने देने पर भी जोर दिया गया।
पंडालों में CCTV और अग्निशमन उपकरण अनिवार्य
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूजा पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना डायल 112 पर दें
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें। साथ ही, त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती, प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News
AKP News | आलम की पुकार
जब भी देखें, सच देखें।
