नवरात्रि पर बस्ती पुलिस का शक्ति संदेश, मिशन शक्ति फेज-6 के तहत निकला जागरूकता मार्च

 बस्ती में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 का आगाज, महिला सुरक्षा के संदेश के साथ निकला पैदल मार्च

बस्ती। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को जनपद बस्ती में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान फेज-6 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल लाइन चौकी से नारी सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के संदेश के साथ पैदल मार्च निकाला गया।



पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन में आयोजित यह पैदल मार्च सिविल लाइन चौकी से शुरू होकर बेगम खैर, गांधीनगर, मालवीय तिराहा, फव्वारा तिराहा और जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए पुनः सिविल लाइन स्थित शास्त्री चौक तक पहुंचा।

इस आयोजन में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

पैदल मार्च के दौरान प्रमुख चौराहों और बाजारों में आम नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 सहित अन्य सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में नारी सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा।



नारी सम्मान और सुरक्षा का दिया संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ ही समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।



अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अभियान के माध्यम से आमजन को जागरूक कर महिला सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जनपद के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, संभ्रांत नागरिक तथा पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा AKP News 

Previous Post Next Post