मवेशी चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पिकअप और ₹45 हजार बरामद
आलम की पुकार, बस्ती। पुरानी बस्ती थाना पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मवेशी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, ₹45,000 नकद और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात पुरानी बस्ती क्षेत्र में गाय-भैंस चोरी की घटना हुई थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हथियागढ़ गांव से पहले जंगली क्षेत्र में चोरी की योजना बना रहे राशिद, कामिल खान और मोहम्मद आसिफ, निवासी फतेहगंज कसाबबाड़ा, अयोध्या को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर की रात उन्होंने पुरानी बस्ती क्षेत्र से एक भैंस और गाय चोरी करने का प्रयास किया था। गाय पिकअप से कूदकर भाग गई, जबकि भैंस को पिकअप में लादकर वे ले गए थे। आरोपी दोबारा चोरी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में पुरानी बस्ती थाना पुलिस के साथ एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा, AKP News
.jpg)