थाना नगर व SOG की संयुक्त कार्रवाई, 7.530 किलो गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

 बस्ती। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 7.530 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक Vivo V-50 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।



पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को थाना नगर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुढ़ापट्टी मोड़ और कुढ़ापट्टी के बीच नहर के किनारे बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बुलेट मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान राघवेन्द्र कुमार चौधरी निवासी ग्राम बुजुर्गवार टोला दुबौली, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर तथा विकास चौधरी निवासी ग्राम दुबौली (बुजुर्गवार), थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान राघवेन्द्र कुमार चौधरी के कब्जे से 5.390 किलोग्राम तथा विकास चौधरी के कब्जे से 2.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों के पास से कुल 7.530 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने गांजा खरीदकर बेचने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, गांजा उपलब्ध कराने वाले कुछ व्यक्तियों के संबंध में भी आरोपियों ने जानकारी दी है, जिसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में थाना नगर में मुकदमा अपराध संख्या 250/2026, धारा 8/20 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना नगर के प्रभारी निरीक्षक राम प्रसाद यादव, प्रभारी एसओजी विकास यादव व उनकी टीम, उपनिरीक्षक अवधेश शर्मा तथा हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव, कांस्टेबल मनोज सिंह यादव, संग्राम सिंह यादव, हिमांशु और कुलवीर सिंह शामिल रहे।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा 

Previous Post Next Post