बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक पर पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित एक किराना दुकान में चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि देर रात दो अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दुकान से करीब एक लाख रुपये नकद समेत कुछ सामान लेकर फरार हो गए।
चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध चोर दुकान के अंदर दाखिल होकर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस चौकी के सामने हुई चोरी की घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।
रिपोर्ट रिजवान खान
