ब्लैकमेलिंग कर ₹5.20 लाख वसूलने का आरोपी गिरफ्तार, ₹2.50 लाख नकद समेत सामान बरामद

 बहराइच में ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के आरोपी पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व खरीदे गए सामान बरामद

बहराइच में ब्लैकमेलिंग कर वसूली के आरोपी की गिरफ्तारी

AKP News, बहराइच। दरगाह शरीफ थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग कर जबरन वसूली और रंगदारी मांगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर ₹2.50 लाख नकद, वसूली की धनराशि से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल, एक एसी और एक एलईडी टीवी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना दरगाह शरीफ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हिमांशु तायल उर्फ शमी ने उसकी पत्नी के आपत्तिजनक फोटो प्राप्त कर उन्हें वायरल करने तथा उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि धमकी और ब्लैकमेलिंग के जरिए उसकी पत्नी से कुल ₹5.20 लाख की धनराशि वसूल की गई तथा ₹10 लाख अतिरिक्त की मांग की जा रही थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।




मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी और वसूली गई धनराशि की बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन, बहराइच के पास से आरोपी हिमांशु तायल को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से ₹1 लाख नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें कथित आपत्तिजनक फोटो पाए गए।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से ₹1.50 लाख नकद तथा कथित रूप से वसूली गई धनराशि से खरीदी गई HF Deluxe Plus मोटरसाइकिल, Daikin 1.5 टन इन्वर्टर एसी और Samsung LED TV बिल सहित बरामद किया गया।



गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु तायल उर्फ शमी पुत्र सुभाष तायल, निवासी फत्तेपुरा, निकट डालमियां धर्मशाला, थाना कोतवाली नगर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट तथा चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय, बहराइच भेजने की कार्रवाई की।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक चन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक पंकज चौरसिया, हेड कांस्टेबल मृत्युंजय, हेड कांस्टेबल अंगद राय और कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे।

रिपोर्ट इमरान खान 

Previous Post Next Post