बस्ती, 31 जुलाई। संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवान श्रीराम के चित्र के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार और सनातन धर्म तथा साधु-संतों के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बस्ती में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के समर्थन में नारे लगाए तथा आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद पप्पू यादव का कथित व्यवहार न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे किसी भी कृत्य का कड़ा विरोध करती है, जो समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करे।
भाजपा नेताओं ने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में भाजपा नेता प्रमोद पाण्डेय, जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा, दिलीप पाण्डेय, सत्येन्द्र सिंह, सुमन सिंह, अंकुर वर्मा, राजेन्द्र राजभर, पप्पू शुक्ल, विनय सिंह भारद्वाज, अमित गुप्ता, प्रदीप चौधरी, पल्लव श्रीवास्तव, दिव्यांशु दुबे, तारक जायसवाल, मनोज सिंह, शिव प्रसाद चौधरी, अरविन्द चौधरी, गौरव अग्रवाल, आकाश कसौधन, सलमान खान, शारद सिंह रावत, प्रफ्फुल श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(नोट: यह विरोध-प्रदर्शन भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आयोजित किया गया। संबंधित आरोपों पर सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।)
रिपोर्ट रिजवान खान
AKP News


