AKP News बस्ती। महिला थाना बस्ती पुलिस टीम द्वारा "ऑपरेशन साथ-साथ एवं टूटते परिवारों को जोड़ने की एक पहल" के तहत अलग रह रहे पति-पत्नी के दो जोड़ों को आपसी मतभेद दूर कर पुनः एक साथ रहने के लिए राजी कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उनके बीच चल रहे पारिवारिक विवाद और मनमुटाव को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया। विभिन्न कारणों से उत्पन्न मतभेदों के चलते दोनों दंपत्ति एक-दूसरे के साथ रहने के इच्छुक नहीं थे।
महिला थाना पुलिस टीम ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की समस्याओं को सुना तथा उन्हें पारिवारिक रिश्तों के महत्व और आपसी समझ-बूझ के बारे में समझाया। काउंसलिंग के बाद दोनों दंपत्ति आपसी सहमति से पुनः साथ रहने के लिए तैयार हो गए।
इसके बाद महिला थाना पुलिस ने दोनों जोड़ों को हंसी-खुशी विदा किया। महिला थाना की यह पहल टूटते परिवारों को बचाने और समाज में पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा
AKP News


