AKP News, बस्ती। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे CY-VAJRA अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना बस्ती पुलिस ने फोन-पे/गूगल-पे पर मोबाइल नंबर से नाम पता कर लोगों को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर डराने और मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो अभियुक्तों आदित्य गुप्ता (28) और अजय सिंह (24) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ साइबर क्राइम थाना बस्ती में मु0अ0सं0-21/2026, धारा 319(2), 318(4), 308(2), 61(2), 317(2) बीएनएस तथा धारा 66C और 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
ऐसे बनाते थे लोगों को शिकार
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले फोन-पे या गूगल-पे पर किसी मोबाइल नंबर को डालकर उससे जुड़ा नाम पता करते थे। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते थे।
आरोपी पीड़ित को यह कहकर डराते थे कि उसके खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो देखने से संबंधित सीडीआर प्राप्त हुई है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने वाला है। इसके बाद गिरफ्तारी और मुकदमे का भय दिखाकर कभी कोर्ट के माध्यम से मामला खत्म कराने के नाम पर लाखों रुपये तो कभी थाने से मामला खत्म कराने के नाम पर हजारों रुपये की मांग की जाती थी।
पीड़ित के रुपये भेजने के बाद आरोपी वॉयस चेंजर आदि का इस्तेमाल कर स्वयं को वरिष्ठ अधिकारी बताकर दोबारा फोन करते और कहते कि मामला हाईलाइट हो गया है। इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित के खाते से अधिक से अधिक धनराशि ट्रांसफर करा लेते थे।
खातों और सिम का करते थे इस्तेमाल
पुलिस पूछताछ में आरोपी आदित्य गुप्ता ने कथित तौर पर बताया कि वह लगभग दो वर्ष से साइबर अपराध में संलिप्त था। उसके अनुसार, साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों और सिम को वह अपने साथियों को उपलब्ध कराता था तथा साइबर ठगी से आने वाली रकम में करीब 30 प्रतिशत हिस्सा लेता था।
एक अन्य मामले में जौनपुर निवासी प्रांजल यादव को फोन कर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने और मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर 11 हजार रुपये वसूलने की बात भी सामने आई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
आदित्य गुप्ता पुत्र स्व. सीताराम गुप्ता, उम्र 28 वर्ष, निवासी मस्कनवा बाजार, थाना छपिया, जनपद गोंडा, हाल पता दक्षिण दरवाजा, पुरानी बस्ती, बस्ती।
अजय सिंह चौहान पुत्र राम सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी कंचनपुर, थाना गुजैनी, कानपुर नगर, मूल पता ग्राम भौसाना, थाना चौबेपुर, कानपुर देहात।
यह पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना बस्ती विजय नारायण मिश्रा, भगवान सिंह, उपनिरीक्षक जावेद खान, हेड कांस्टेबल अंगद मौर्या, ऋषिवेद तिवारी, पवन यादव तथा कांस्टेबल जितेन्द्र यादव, इशांत कुमार और अमित कुमार झा शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक की अपील
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल� पर शिकायत दर्ज करें। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक विवरण, UPI PIN या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा
AKP News

