हिन्दी दिवस पर डॉ. वी.के. वर्मा ने दिया हिन्दी के महत्व का संदेश
AKP News, बस्ती। दिवस के अवसर पर जनपद के ख्याति प्राप्त चिकित्सक, कवि एवं समाजसेवी तथा एस.एम.एच. पैरामेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के संस्थापक डॉ. वी.के. वर्मा ने लोगों को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने हिन्दी भाषा के महत्व और समाज को जोड़ने में उसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
डॉ. वर्मा ने कहा कि हिन्दी को केवल एक भाषा के रूप में नहीं, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने वाली भाषा के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने आमजन से सामान्य बोलचाल में अधिक से अधिक हिन्दी का प्रयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हिन्दी भारत की सम्मानित भाषाओं में महत्वपूर्ण स्थान रखती है और लंबे समय से देश के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के बीच संवाद का माध्यम रही है। उनके अनुसार, इतिहास में अंग्रेजों ने भी भारतीय समाज को समझने और संवाद स्थापित करने के लिए हिन्दी का प्रयोग किया।
डॉ. वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दी ने देश की सीमाओं से आगे बढ़कर एक प्रमुख और उत्कृष्ट भाषा के रूप में अपनी पहचान बनाई है। आम जनमानस द्वारा लगातार हिन्दी का प्रयोग किए जाने से भाषा को व्यापक स्तर पर मजबूती मिल रही है।
उन्होंने हिन्दी साहित्य के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि महान कवियों और साहित्यकारों ने हिन्दी के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण रचनाएं, श्लोक और काव्य-पंक्तियां लिखकर साहित्यिक इतिहास को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि आज विभिन्न भाषाओं के मिश्रित प्रयोग में भी हिन्दी के शब्दों और भावों की मौजूदगी दिखाई देती है।
डॉ. वर्मा ने हिन्दी दिवस पर लोगों से अपनी दैनिक बातचीत में हिन्दी को सम्मान के साथ अपनाने और इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया।
रिपोर्ट रिजवान खान
AKP News
