बस्ती, AKP News -- बस्ती पुलिस ने मूड़घाट बम फेंकने की घटना में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी इलहान पुत्र काजी सफातुल्लाह, निवासी दरियाखां, थाना कोतवाली को झलकटिया चौराहे से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को मूड़घाट क्षेत्र में बम फेंकने की घटना के संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। रविवार 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने झलकटिया चौराहे से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 301/26 के तहत धारा 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5, आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा 7 CLA एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इलहान का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बस्ती जनपद के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित कुल छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
इस गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह ने किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामकुमार यादव, कांस्टेबल आशुतोष द्विवेदी तथा रिजर्व कांस्टेबल पूर्णेन्द्र श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्ती पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
Aalam Ki Pukar

