By Editor Aijaz Alam Khan
बस्ती, (AKP News)-- विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा बस्ती द्वारा सोमवार को शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी से बचाव, समय पर जांच, टीकाकरण तथा उपचार के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने आमजन को जागरूकता संबंधी पर्चे वितरित किए और प्रमुख स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा बस्ती के सभापति संतोष सिंह ने कहा कि हेपेटाइटिस एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित टीकाकरण और जनजागरूकता के माध्यम से इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित जीवनशैली अपनाने तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।
रेडक्रॉस सदस्य राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता ही सबसे प्रभावी बचाव है। उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षणों, कारणों और बचाव के उपायों की सही जानकारी रखने तथा किसी भी संदिग्ध लक्षण के दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
इमरान अली ने कहा कि स्वच्छता का पालन, सुरक्षित रक्त का उपयोग, केवल नई एवं डिस्पोजेबल सिरिंज का प्रयोग तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण हेपेटाइटिस की रोकथाम के महत्वपूर्ण उपाय हैं। उन्होंने युवाओं से इस जनजागरूकता संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पवन वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और जनस्वास्थ्य से जुड़े जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता को हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
सरबजीत सिंह ने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी केवल आपदा राहत कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि समाज को गंभीर बीमारियों के प्रति समय रहते सचेत किया जा सके।
इस अवसर पर विवेक त्रिपाठी, महेन्द्र त्रिपाठी, मोहम्मद अहमद, अमित श्रीवास्तव, उमेश कुमार, राधे, संजय श्रीवास्तव, शिवराज सहित बड़ी संख्या में रेडक्रॉस के स्वयंसेवक एवं सदस्य उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
आलम की पुकार


